411 REFERENCE · Wikipedia
अनुदिन जाञवीरकूल
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
अंगूठाकार|अनुदिन जाञवीरकूल
अनुदिन जाञवीरकूल (अनुदिन ज्ञानवीरकूल ; th อนุทิน ชาญวีรกูล, Anuthin Chanwirakun; जन्म 13 सितंबर 1966) एक थाई राजनीतिज्ञ और इंजीनियर हैं, जिन्होंने 2025 से थाईलैंड के 32वें प्रधान मंत्री और 2012 से भूमिचैथाई पार्टी के नेता के रूप में कार्य किया है। इससे पहले उन्होंने 2019 से 2025 तक उप प्रधान मंत्री, 2019 से 2023 तक सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री और 2023 से 2025 तक आंतरिक मंत्री के रूप में कार्य किया। वह 2019 से प्रतिनिधि सभा के सदस्य भी हैं।
बैंकॉक के एक धनी परिवार में जन्मे अनुदिन की शिक्षा थाईलैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका में हुई। उन्होंने 1989 में हॉफ़्स्ट्रा विश्वविद्यालय से अभियांत्रिकी में स्नातक की डिग्री और 1990 में धर्म्मशास्त्र विश्वविद्यालय के वाणिज्य और लेखा संकाय से व्यवसाय प्रबंध में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद वे अपने पिता जवरत्न जाञवीरकूल की फ़र्म, सिनो-थाई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन में शामिल हो गए, 1995 में महाप्रबंधक बने और प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, विशेष रूप से सुवर्णभूमि हवाई अड्डे के निर्माण की देखरेख की।
अनुदिन ने 1996 में थाई रक थाई पार्टी के सदस्य के रूप में राजनीति में प्रवेश किया। बाद में उन्होंने विदेश मंत्री प्रच्वप जैयसार के सलाहकार, 2004 में वाणिज्य उप मंत्री तथा 2004 से 2006 तक सार्वजनिक स्वास्थ्य उप मंत्री के रूप में कार्य किया। 2006 में थाई रक थाई के विघटन के बाद, वे उन 111 अधिकारियों में शामिल थे जिन पर पांच साल के लिए राजनीति से प्रतिबंध लगा दिया गया था। 2012 में वापस आकर वे भूमिचैथाई पार्टी में शामिल हो गये और अपने पिता के बाद पार्टी के नेता बने। 2019 में, उन्होंने संसद में प्रवेश किया और उप प्रधान मंत्री और सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री के रूप में दूसरे प्रयुद्ध कैबिनेट में शामिल हुए, और थाईलैंड में COVID-19 महामारी के प्रबंधन और 2022 में भांग के वैधीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2023 में, वह श्रेष्ठा कैबिनेट में आंतरिक मंत्री बने, और श्रेष्ठा दवीसिन और पैतोंगटार्न शिनावात्रा दोनों के अधीन उप प्रधानमंत्री पद बरक़रार रखा।
जून 2025 में, पैतोंगटार्न और कम्बोडियाई सीनेट के अध्यक्ष हुन सेन के बीच एक फ़ोन कॉल लीक होने के बाद, अनुदिन और भूमिचैथाई पार्टी ने पैतोंगटार्न कैबिनेट से अपना नाम वापस ले लिया, सरकार से इस्तीफ़ा दे दिया और विपक्ष में शामिल हो गए। अगस्त में संवैधानिक न्यायालय द्वारा पैतोंगटार्न को हटा दिए जाने के बाद, अनुदिन ने पीपुल्स पार्टी के साथ समझौता कर लिया। 3 सितंबर को, पीपुल्स पार्टी के नेता णठ्ठफोङ रुअङपञ्ञावुढि ने घोषणा की कि उनकी पार्टी अनुदिन को प्रधानमंत्री के रूप में समर्थन देगी और उनकी अल्पमत सरकार का समर्थन करेगी, बशर्ते कि वह चार महीने के भीतर प्रतिनिधि सभा को भंग कर दें, संवैधानिक सुधार शुरू करें और बहुमत गठबंधन बनाने से बचें। 5 सितम्बर 2025 को पीपुल्स पार्टी के समर्थन से अनुदिन को प्रधानमंत्री चुना गया और 7 सितम्बर को राजा वज्रालंकरण ने उन्हें शपथ दिलाई।
सन्दर्भ
श्रेणी:1966 में जन्मे लोग