Skip to main content

  | मौसम…

411 समाचार
Public archive edition · Attributed source reporting with original dates · AI drafts are excluded

411 REFERENCE · Wikipedia

रामवीर तंवर

Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.

रामवीर तंवर एक भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद हैं, जिन्हें देश में जल संरक्षण, तालाबों के सुंदरीकरण, मृत जल निकायों को पुनर्जीवित करने और शहरी वन बनाने की दिशा में उनके कार्य के लिए जाना जाता हैं। उन्हें पोंड मैन ऑफ इंडिया अथवा पोंड मैन के नाम से भी जाना जाता हैं। वह उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात और कर्नाटक में लगभग 80 तालाबों की सफाई और जीर्णोद्धार का कार्य कर चुके है। तंवर 'से अर्थ' नामक एक सामाजिक संस्था एवं 'जल चौपाल' नामक अभियान के संस्थापक हैं, जो जल निकायों के पुनरुद्धार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए कार्यरत हैं। उन्हें गाजियाबाद नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत अभियान का ब्रांड एंबेसडर और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भूजल सेना का ग़ाज़ियाबाद ज़िला समन्वयक नियुक्त किया गया हैं। == प्रारम्भिक जीवन एवं शिक्षा == रामवीर तंवर का जन्म उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर अंतर्गत डाढ़ा-डाबरा गांव में हुआ। वें अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा उनके गाँव में ही हुई। वर्ष 2014 में तंवर केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की हैं। वें एक किसान परिवार से हैं। स्नातक के बाद उनकी नौकरी एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में इंजीनियर के रूप में लग गई, और दो साल काम करने के बाद ही उन्होंने नौकरी छोड़कर पूर्णकालिक पर्यावरण और जल संरक्षण के कार्य में लग गए। तंवर ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भूजल संरक्षण पर तीन महीने का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। == कार्य == वर्ष 2015 में तंवर ने अपने साथियों व स्थानीय समुदायों के सहयोग से जल संरक्षण व जल निकायों को पुनर्जीवित करने के लिए 'जल चौपाल' (जल पर बैठक) नामक एक अभियान की शुरुआत की। शुरुआत उन्होंने अपने गाँव डाढ़ा से की, लेकिन बाद में डबरा, कुलीपुरा, चौगानपुर, रायपुर, सिरसा, रामपुर, सलेमपुर सहित उत्तर प्रदेश के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में जा-जा कर जल संरक्षण के मुद्दों पर जागरूकता फैलाई। प्रारम्भिक दिनों में तो वह केवल लोगों को जागरुक करते थे। हालांकि धीरे धीरे वह तालाबों व जल निकायों पर बसे अवैध अतिक्रमण हटाने, तालाबों का सुंदरीकरण करने और पुनर्जीवित करने में संलिप्त हो गए। 2021 आते-आते रामवीर उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, सहारनपुर, हरियाणा के पलवल, मानेसर, दिल्ली समेत करीब 40 तालाबों को पुनर्जीवित कर चुके थें। 2023 तक रामवीर तंवर ने उत्तर प्रदेश समेत उत्तराखण्ड, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली और गुजरात में तकरीबन 80 तालाबों की सफाई और जीर्णोद्धार का काम कर चुके हैं। रामवीर तंवर ने 2018 में नौजवानों को अपने साथ जोड़ने के लिए 'सेल्फी विद पॉन्ड' नाम से एक पहल की शुरुआत की। इस पहल के अंतर्गत युवाओं ने तालाब के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शुरू किया। तालाबों की पहचान के लिए जगह का नाम भी लिखने को कहा गया। परिणाम यह हुआ कि स्वच्छ जल निकायों और तालाबों की तस्वीरें एक प्रेरणा साबित हुईं और स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें साफ करने के लिए प्रेरित किया। इस मुहिम से विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के लोगों और संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और इंडोनेशिया के नागरिकों से भी सहयोग प्राप्त हुआ। रामवीर तंवर ने 2020 में 'से अर्थ' नाम से एक पंजीकृत गैर सरकारी संगठन की स्थापना की। अब इसी के अंतर्गत तालाबों की सफाई का काम जारी हैं। तालाबों की सफाई के लिए लगने वाले व्यय के लिए कई बड़ी कंपनियों व संस्थाओ से जुड़े हैं, जो इस कार्य में मदद करते हैं, इनमे एचसीएल फाउंडेशन, ग्रीन यात्रा और स्लीप वेल फाउंडेशन आदि एनजीओ शामिल हैं। इसके अलावा, रामवीर वर्तमान में जापान की मियावाकी विधि का उपयोग करके कई शहरी वनों (अर्बन फॉरेस्ट) का निर्माण कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में, रामवीर सरकार द्वारा आवंटित बंजर भूमि को उपजाऊ भूमि में बदलते हैं और फिर वृक्षारोपण करते हैं, जिसका उद्देश्य शहरी भूमि की संरक्षण, मृदा की गुणवत्ता की सुरक्षा, वायु प्रदूषण और भूमि प्रदूषण को कम करना है। === मन की बात === 24 अक्‍टूबर 2021 को आकाशवाणी पर प्रसारित रेडियो कार्यक्रम मन की बात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामवीर तंवर का उल्लेख करते हुए, उनके द्वारा किए जा रहे तालाबों की सफाई व संरक्षण कार्यों की सराहना की। अप्रैल 2023 में प्रधानमंत्री के मन की बात के कार्यक्रम 100वें एपिसोड में देशभर के भिन्न-भिन्न क्षेत्रों से 100 लोगों को चयनित किया गया, जिसके अंतर्गत रामवीर को भी बतौर अतिथि शामिल किया गया। इस पाँच दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत रामवीर तंवर ने 26 अप्रैल 2023 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित नेशनल कॉन्क्लेव कार्यक्रम में शिरकत की, जिसमें भारत के उपराष्ट्रपति, वेंकैया नायडू और गृहमंत्री अमित शाह भी लोगों से रूबरू होने के लिए उपस्थित थे। 27 अप्रैल 2023 को उन्हें कर्तव्य पथ, राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री संग्रहालय का दौरा कराया गया। इसके बाद 28 अप्रैल 2023 को योग सत्र, लाल किला और राजघाट का भ्रमण कराया गया। 30 अप्रैल 2023 को रामवीर को लखनऊ स्थित राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ मन की बात सुनने के लिए आमंत्रित गया था। === जल चौपाल === जल चौपाल लोगों को पानी के महत्व और समाज में पानी की कमी से संबंधित विभिन्न कारकों के बारे में जागरूक करने की एक पहल है। यह भूजल, जल निकासी, जल प्रदूषण, वर्षा जल संचयन, जल बजटिंग आदि जैसे आवश्यक विषयों पर चर्चा का आधार बन जाता है। जल चौपाल लोगों को तालाब जीर्णोद्धार कार्य में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण सहायक उपकरण साबित हुआ है। इसकी शुरुआत रामवीर ने 2015 में की थी। == पुरस्कार एवं सम्मान == रामवीर को ताइवान से शाइनिंग वर्ल्ड प्रोटेक्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसके तहत 10,000 अमेरिकी डॉलर का अनुदान भी प्रदान किया गया। इन्हें 2019 में संयुक्त राष्ट्र और iCONGO द्वारा वैश्विक नागरिक सम्मान रेक्स कर्मवीर चक्र पुरस्कार से नवाजा गया। सितंबर 2022 को भारत सरकार की मुहिम गार्बेज फ्री सिटी बनाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने रामवीर तंवर को ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया। मई 2022 में, तंवर को पर्यावरण, वन, और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) से वेटलैंड चैम्पियन्स 2022 पुरस्कार मिला, जिसे केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव और राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने प्रदान किया। जुलाई 2022 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रामवीर तंवर को जल संरक्षण पर इनके योगदान के लिए राज्य भूजल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गाजियाबाद नगर निगम ने वर्ष 2021-2022 के लिए स्वच्छ भारत अभियान का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया है। उन्हें जल शक्ति मंत्रालय द्वारा वाटर हीरो पुरस्कार और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा वेटलैंड चैंपियन पुरस्कार से सम्मानित किया गया हैं। === लोकप्रिय संस्कृति में === उनकी जीवन कहानी संस्कृति मंत्रालय (भारत) की कॉमिक बुक मन की बात, खंड 4 में प्रकाशित हुई, जिसका प्रकाशन अमर चित्र कथा द्वारा जुलाई 2023 में किया गया था। 2022 में, विश्व पर्यावरण दिवस पर, नेशनल जिओग्रैफ़िक ने अपनी 'वन फॉर चेंज' पहल के तहत, रामवीर तंवर सहित उन सामाजिक कार्यकर्ताओं पर लघु फिल्मों की एक श्रृंखला प्रदर्शित की, जिन्होंने दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए काम किया है। जिसे डिज़्नी+ हॉटस्टार पर भी दिखाया गया। == सन्दर्भ == == बाहरी कड़ियाँ == आधिकारिक जालस्थल Archived 2023-09-30 at the वेबैक मशीन एबीपी के टीवी शो 'क्या बात है' पर रामवीर तंवर Reviving ponds needs planning, team effort: India's Pond man (द इंडियन एक्सप्रेस से साक्षात्कार)