411 REFERENCE · Wikipedia
केन्द्रीय इलेक्ट्रोनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (सीरी)
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
केन्द्रीय इलेक्ट्रोनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (Central Electronics Engineering Research Institute / सीरी), पिलानी, वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद की एक संघटक प्रयोगशाला है जिसकी स्थापना सन् 1953 में हुई थी। वास्तविक अनुसंधान एवं विकास कार्य वर्ष 1958 के अंतिम भाग से आरंभ हुआ। यह संस्थान मुख्यत: अर्धचालक युक्तियों, इलेक्ट्रोनिक प्रणालियों और इलेक्ट्रोनिक नलिकाओं के क्षेत्र में शोध् एवं विकास में कार्यरत है। अनेक परियोजनाओं के कार्यान्वयन में आरंभ से ही आधारभूत सुविधाएँ, विशिष्ट जनशक्ति एवं विशेषज्ञता के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता रहा है।
पिलानी में मुख्यालय के साथ-साथ चेन्नै में इसका क्षेत्रीय केन्द्र है जो कि सी.एस.आई.आर काम्प्लेक्स के परिसर में कार्यरत है। इस क्षेत्रीय केन्द्र में मुख्यत: कागज एवं खाद्य पदार्थ प्रक्रमण सम्बन्धी शोध एवं विकास कार्य चल रहा है।
अधिदेश
इलेक्ट्रॉनिकी उपकरणों तथा तंत्रों में अनुसंधान और विकास करना
प्रौद्योगिकी समावेश, उन्नयन और विविधीकरण में उद्योगों की सहायता करना
अभिकल्प, निर्माण और परीक्षण में उद्योगों और उपयोगकर्ताओं को अनुसंधान एवं विकास सेवाएं प्रदान करना
उत्पाद विकास, सटीकता और गुणवत्ता की विशिष्ट जरूरतों के लिए तकनीकी सेवाएं प्रदान करना
प्रमुख अनुसंधान कार्यक्रम
सीएसआईआर-सीरी के प्रमुख अनुसंधान और विकास कार्यक्रमों को तीन प्रमुख क्षेत्रों में वर्गीकृत किया जा सकता है: माइक्रोवेव ट्यूब्स, सेमीकंडक्टर युक्तियां और इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियाँ। माइक्रोवेव ट्यूब्स के क्षेत्र में ध्यान मुख्यत: संचार ट्यूब्स और औद्योगिक ट्यूब्स पर है। सेमीकंडक्टर युक्तियों के क्षेत्र में आईसी डिजाइन, पावर इलेक्ट्रॉनिकी, युक्ति प्रसंस्करण, माइक्रोवेव उपकरणों, संकर सूक्ष्म परिपथ (हाइब्रिड माइक्रोसर्किट्स), फोटोनिक्स और प्रकाश इलेक्ट्रॉनिकी उपकरणों और सेमीकंडक्टर सामग्री पर परियोजनाएं सक्रिय रूप से जारी है। इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों के क्षेत्र में आंकिक प्रणालियाँ, कृषि इलेक्ट्रॉनिकी, भाषण प्रौद्योगिकी, औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिकी, इंस्ट्रूमेंटेशन प्रणालियों और संचार अभियांत्रिकी पर अनुसंधान एवं विकास कार्य केंद्रित है।
बाहरी कड़ियाँ
केन्द्रीय इलेक्ट्रोनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान का जालघर
श्रेणी:भारत में अनुसंधान संस्थाएँ