411 REFERENCE · Wikipedia
साङ्गु नदी
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
साङ्गु नदी या शङ्ख नदी (बर्मी: စံဂူမြစ်, बंगाली: সাঙ্গু নদী, अंग्रेज़ी: Sangu River) म्यान्मार और बाङ्गलादेश में बहने वाली एक नदी है। इसका उद्गम म्यान्मार के उत्तर अराकान पर्वतमाला में स्थित है (अक्षांश २१°१३´उ॰, देशांश ९२°३७´पू॰)। अराकान पर्वतमाला अराकान और चट्टग्राम पर्वतीय क्षेत्र के बीच की सीमा बनाती है। यह पर्वतीय क्षेत्र में उत्तर की ओर घुमावदार मार्ग से बहती है और फिर बाङ्गलादेश में रमैक्री, थानचि उपज़िला, बन्दरबन ज़िला के पूर्वी भाग से प्रवेश करती है। यह थानचि, रोवाङ्गछड़ी और बन्दरबन सदर उपज़िलाओं से उत्तर की ओर बहती है। इसके पश्चात यह पश्चिम की ओर चट्टग्राम ज़िले के सतकनिया और बांशख़ाली उपज़िलाओं से बहती हुई बंगाल की खाड़ी में चट्टग्राम के समीप गिरती है (अक्षांश २२°६´उ॰, देशांश ९१°५१´पू॰), जो कर्णफुली नदी के मुहाने से लगभग १६.०९ कि॰मी॰ (१०.०० मील) दक्षिण में स्थित है। इस नदी की कुल लम्बाई २७० कि॰मी॰ (१७० मील) है, जिसमें से १७३ कि॰मी॰ (१०७ मील) बाङ्गलादेश में स्थित है।
इस नदी की प्रमुख सहायक नदियाँ चाँद खली नदी और डोलुखाल हैं। चाँद खली नदी पाटिया मैदान से होकर बहती है, जबकि डोलुखाल सतकनिया मैदान में गिरती है। एक अन्य सहायक नदी कुमिरा खली है, जो कुतुबदिया जलमार्ग में गिरती है। इसका कर्णफुली नदी से चाँद खली नदी के माध्यम से संबंध है।
इसका वार्षिक प्रवाह अनुमानतः ४५ लाख एकड़-फ़ुट है।
साङ्गु नदी के जलग्रहण क्षेत्र का कुल विस्तार ३,८४३ वर्ग कि॰मी॰ (१,४८४ वर्ग मील) है। यह नदी बांशख़ाली, सातकानिय़ा, और पटिय़ा उपज़िलाओं को जल प्रदान करती है।
विक्रम संवत् १९३३ (ई॰ सन् १८७६) में विलियम विल्सन हण्टर ने इस नदी को उथली बताया, परन्तु उन्होंने उल्लेख किया कि यह वर्ष भर बड़े मालवाहक नौकाओं द्वारा ४८ कि॰मी॰ (३० मील) तक नौवहन योग्य थी। उन्होंने बन्दरबन में पर्याप्त जल यातायात का भी उल्लेख किया। एक शताब्दी पश्चात् बाङ्गलादेश ज़िला गज़ेटियर में कहा गया कि शुष्क ऋतु के अन्त में यह नदी नौवहन योग्य नहीं रहती। संवत् २०२८ (ई॰ सन् १९७१) के भारत-पाक् युद्ध के समय भारतीय विशेष सीमान्त बल ने साङ्गु नदी पर स्थित दोहाज़ारी पुल को नष्ट कर दिया ताकि पाकिस्तानी सेना चट्टग्राम होते हुए बर्मा की ओर पीछे न हट सके।
इस नदी के ऊपरी प्रवाह में दो जलप्रपात और कई तीव्र प्रवाह स्थल हैं।
सागरतटीय साङ्गु गैस क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में चट्टग्राम से लगभग ५० कि॰मी॰ (३१ मील) दक्षिण-पश्चिम में स्थित है, जिसकी गहराई १० मी॰ (३३ फीट) है।
== पर्यावरण ==
साङ्गु नदी में १०६ देशी मछली जातियाँ पाई जाती हैं, जिनमें कई प्रकार की कतला और गोबी मछलियाँ सम्मिलित हैं। इसमें तीन विदेशी जातियाँ भी पाई गई हैं: बिगहेड कतला, सिल्वर कतला और नील तिलापिया। मछलियों के अतिरिक्त, यह नदी १६ प्रकार की झींगा और २ प्रकार के केकड़ों को भी आश्रय देती है।
गङ्गा नदी सूंस विशेष रूप से दोहाज़ारी पुल के नीचे इस नदी में पाई जाती हैं।
== सन्दर्भ ==