411 REFERENCE · Wikipedia
क्वागा
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
क्वागा (अंग्रेजी:Quagga; वैज्ञानिक नाम: Equus quagga quagga), मैदानी ज़ेबरा की एक विलुप्त उप-प्रजाति है, जिसका अस्तित्व 19वीं सदी के अंत तक दक्षिण अफ्रीका की एक स्थानिक प्रजाति के रूप में था लेकिन यूरोपीय उपनिवेशवादियों द्वारा अत्यधिक मात्रा में शिकार किए जाने के परिणामस्वरूप यह विलुप्त हो गयी। लंबे समय तक इसे एक विशिष्ट प्रजाति माना जाता था, लेकिन प्रारंभिक आनुवंशिक अध्ययनों ने इसे मैदानी ज़ेबरा की एक उप-प्रजाति माना है। एक और हालिया अध्ययन के अनुसार यह ज़ेबरा का दक्षिणतम पारि-प्ररूप था।
माना जाता है कि क्वागा लगभग 257 सेमी (8 फीट 5 इंच) लंबे और कंधे पर लगभग 125-135 सेमी (4 फीट 1 इंच -4 फीट 5 इंच) ऊँचे होते थे। अन्य ज़ेबराओं के विपरीत इनके शरीर की भूरी और सफेद धारियां सिर्फ इनके शरीर के सामने के हिस्से तक सीमित थीं। इनका पिछला भाग भूरा और बिना धारियों वाला होता था, और लगभग घोड़े जैसा दिखाई देता था। हर क्वागा की धारियाँ दूसरे से काफी भिन्न होती थीं। क्वागा के व्यवहार के बारे में बहुत कम जानकारी उपलब्ध है, लेकिन इनका झुंड 30-50 क्वागाओं से मिल कर बनता था। हालांकि क्वागा को जंगली और फुर्तीला माना जाता था, लेकिन फिर भी बर्चेल के ज़ेबरा की तुलना में यह अधिक विनम्र थे। क्वागाओं की एक बड़ी संख्या केप प्रांत के कारू और दक्षिण अफ्रीका में ऑरेंज फ्री स्टेट के दक्षिणी भाग में पाई गई थी।
दक्षिण अफ्रीका में यूरोपीय बस्ती की शुरुआत के बाद से, क्वागा का बड़े पैमाने पर शिकार किया गया, क्योंकि यह चारे के लिए पालतू जानवरों के साथ प्रतिस्पर्धा करता था। कुछ को पकड़कर यूरोप के चिड़ियाघरों में ले जाया गया, लेकिन इनके सभी बंदी प्रजनन कार्यक्रम असफल रहे। इनकी ज्ञात अंतिम जंगली आबादी ऑरेंज फ्री स्टेट में रहती थी; 1878 तक क्वागा जंगलों से विलुप्त हो गया था। 12 अगस्त 1883 को एम्सटर्डम में अंतिम बंदी क्वागा की भी मृत्यु हो गई। केवल एक जीवित क्वागा की तस्वीर ली गई थी, और आज इनकी केवल 23 खाल मौजूद हैं। 1984 में, क्वागा पहला विलुप्त जानवर था जिसका डीएनए विश्लेषण किया गया था। क्वागा प्रोजेक्ट एक ऐसी परियोजना है जिसके तहत क्वागा की आनुवंशिक रूप से निकटतम उप-प्रजाति यानी बर्चेल ज़ेबरा का चयनात्मक रूप से प्रजनन कर इसके समूर प्रतिरूप और संबंधित विशेषताओं के लक्षणप्ररूप (फेनोटाइप) को फिर से बनाने की कोशिश की जा रही है।
== सन्दर्भ ==