Skip to main content

  | मौसम…

411 समाचार
Public archive edition · Attributed source reporting with original dates · AI drafts are excluded

411 REFERENCE · Wikipedia

सुर्मा नदी

Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.

सुर्मा भारत के असम राज्य और बांग्लादेश की नदी है। मणिपुर की उत्तरी पर्वतमाला से यह नदी निकलती है। इस नदी का उद्गम जप्वो (Japvo) के दक्षिणी पर्वतस्कंधों के मध्य में है। यहाँ से निकलने के बाद यह मणिपुर की पहाड़ियों से होकर बहती है। मणिपुर एवं कछार में इस नदी का नाम बराक है। कछार जिले में बदरपुर से कुछ आगे यह दो शाखाओं में बँट जाती है- उत्तरी शाखा और दक्षिणी शाखा। उत्तरी शाखा सुर्मा कहलाती है और बंगलादेश के सिलहट जिले से होकर बहती है। दक्षिणी शाखा कुसिआरा कहलाती है और यह पुन: बिबियाना या कालनी एवं बराक नामक शाखाओं में विभाजित हो जाती है। ये दोनों शाखाएँ आगे चलकर उत्तरी शाखा से मिल जाती है। बंगलादेश के मैमनसिंह जिले के भैरव बाजार नामक स्थान पर सुर्मा नदी ब्रह्मपुत्र की पुरानी शाखा से मिलती है। उद्गम स्थल से लेकर इस संगमस्थल तक सुर्मा नदी की कुल लंबाई लगभग 896 किमी है। अब यह इस संगमस्थल से लेकर नारायण गंज एवं चाँदपुर के मध्य तक, जहाँ सुर्मा एवं ब्रह्मपुत्र का संयुक्त जल गंगा से मिलता है, मेघना कहलाती है। श्रेणी:भारत की नदियाँ