411 REFERENCE · Wikipedia
केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन (सीएसआइओ), वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद् (सीएसआइआर), नई दिल्ली के अधीन कार्यरत एक राष्ट्रीय अनुसंधान प्रयोगशाला है। सीएसआइओ, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक उपकरणों के अनुसंधान, परिकल्पना तथा विकास में कार्यरत एक प्रमुख राष्ट्रीय प्रयोगशाला है। चण्डीगढ़ के सैक्टर 30 में स्थित सीएसआइओ लगभग 120 एकड़ के क्षेत्रफल में फैला है। सीएसआइओ परिसर में कार्यालय भवन, अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशालाएं, इण्डो-स्विस प्रशिक्षण केन्द्र इत्यादि तथा एक आवासीय कालोनी है।
सीएसआइओ की स्थापना योजना आयोग द्वारा स्थापित एक समिति की सिफारिशों पर 30 अक्तूबर, 1959 में की गई। प्रारंभ में इसका कार्यालय नई दिल्ली में सीएसआइआर भवन में था, जो वर्ष 1962 में चण्डीगढ़ में स्थानांतरित हुआ। कर्मशालाओं सहित चार मंजिला भवन का उद्घाटन दिसंबर, 1967 में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन के कर-कमलों से हुआ। अनुसंधान एवं विकास प्रभागों, पुस्तकालय इत्यादि के लिए चार मंजिला एक अन्य खंड वर्ष 1976 में तैयार किया गया।
संस्थान को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण एवं नवीन क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं पर कार्य करने के अनुकूल बनाने के लिए 80 के दशक के दौरान प्रयोगषाला भवनों एवं मूल ढांचा सुविधाओं का आधुनिकीकरण किया गया। सीएसआइओ के पृथक् प्रशासनिक खंड का उद्घाटन सितंबर, 1994 में सीएसआइआर के तत्कालीन महानिदेशक प्रो. एस. के. जोशी ने किया।
समुचित रूप से प्रशिक्षित उपकरण प्रौद्योगिकीविदों की निरंतर बढ़ रही मांग को पूरा करने के लिए सीएसआइओ में स्विस फाउंडेशन फॉर टैक्नीकल असिस्टेंस, स्विट्जरलैंड के सहयोग से इण्डो-स्विस प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना की गई। इसका उद्घाटन भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने दिसंबर, 1963 में किया।
बाहरी कड़ियाँ
केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन''' का जालघर
श्रेणी:सीएसआईआर