411 REFERENCE · Wikipedia
२००८ के साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
समकालीन कथा लेखन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध लेखक गोविंद मिश्र और उर्दू के शायर जयंत परमार समेत 21 लेखकों को वर्ष 2008 के साहित्य अकादमी पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई। अकादमी के अध्यक्ष सुनील गंगोपाध्याय की अध्यक्षता में मंगलवार को अकादमी के कार्यकारी मंडल ने यह घोषणा की।
एक अगस्त 1939 को बुंदेलखंड में जन्मे मिश्र को उनके उपन्यास कोहरे में कैद रंग के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। इस बार अंग्रेजी के लिए कोई पुस्तक पुरस्कार योग्य नहीं मानी गई, जबकि मैथिली और तेलुगू के पुरस्कार बाद में घोषित किए जाएंगे। ये पुरस्कार एक जनवरी 2004 से 31 दिसम्बर 2006 के दौरान प्रकाशित पुस्तकों के लिए हैं। पुरस्कार अगले वर्ष 17 फ़रवरी को यहां एक समारोह में दिए जाएंगे। पुरस्कार में प्रत्येक को 50-50 हजार रुपये तथा एक प्रशस्ति पत्र एवं ताम्रफलक शामिल हैं।
अकादमी के हिंदी संयोजक विश्वनाथ प्रसाद तिवारी ने बताया कि हिंदी के लिए 13 लेखक पुरस्कारों की दौड़ में थे। इनमें महीप सिंह, मैनेजर पांडेय, प्रयाग शुक्ल, असगर वजाहत, राजी सेठ आदि शामिल हैं। प्रभाकर श्रोत्रिय, सूर्यप्रकाश दीक्षित और प्रो. लालचंद गुप्त की निर्णायक समिति ने गोविंद मिश्र की पुस्तक का चयन किया। मिश्र केंद्रीय राजस्व बोर्ड के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत होकर भोपाल में सृजनरत हैं। उन्हें 1998 का व्यास सम्मान तथा 2000 में सुब्रह्माण्यम भारती पुरस्कार भी मिल चुका है। उनके 8 उपन्यास दस कहानी संग्रह, दो यात्रा संस्मरण तथा चार निबंध संग्रह एवं एक कविता संग्रह प्रकाशित हैं।
अकादमी के सचिव अग्रहार कृष्णामूर्ति द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस वर्ष पुरस्कार पाने वालों में छह उपन्यासकार, छह कवि और पांच कहानीकार शामिल हैं। पुरस्कृत लेखकों के नाम और उनकी पुस्तकों की सूची इस प्रकार है:-
रीता चौधरी - देऊलाड्खुइ [उपन्यास/असमिया]
शरत कुमार मुखोपाध्याय - बाड्ला घुमेर बरिर माटो चांद [कविता संग्रह]
विद्यासागर - बिरगोस्त्रीनि थुंग्रि [उपन्यास/बोडो]
चंपा शर्मा - चेतें दी रहोल [कविता संग्रह/डोगरी]
सुमन शाह - फटफटियुं [कहानी संग्रह/गुजराती]
गोविंद मिश्र - कोहरे में कैद रंग [उपन्यास/हिंदी]
श्रीनिवास बी. वैद्य - हल्ला बंटू हल्ला [उपन्यास/कन्नड़]
गु.नबी आतश- बाज्याफत [समालोचना/कश्मीरी]
अशोक कामत- घणाघाय नियतीये [उपन्यास]
स्व. के.पी. अप्पन - मधुरम निन्टे-जीवितम [निबंध संग्रह/मलयालम]
ए.ओ. मेमचौबी- इडू निड्थौ [कविता संग्रह/मणिपुरी]
श्याम मनोहर - उत्सुकते ने भी झोपलो [उपन्यास/मराठी]
श्री करात - केही नमिलेका रेखाहरू [कहानी संग्रह/नेपाली]
प्रमोद कुमार मोहांती - असरंती अनसर [कविता संग्रह/ओडिया]
मित्तर सैन मीत - सुधार घर [उपन्यास/पंजाबी]
दिनेश पंचाल - पगरवा [कहानी संग्रह/राजस्थानी]
ओमप्रकाश पांडेय - रसप्रिया विभावनम [काव्य/संस्कृत]
बादल हेम्ब्रम - संताली-मानमी [कहानी संग्रह]
हीरो शेवकाणी - सिरजन जो संकट ऐरु सिंधी कहानी [समालोचना/सिंघी]
मेलनमई पोन्नुसामी - तमिष मिन्सारपू [कहानी संग्रह]
जयंत परमार - पेंसिल और दूसरी नज्में [कविता/उर्दू]।
श्रेणी:साहित्य अकादमी पुरस्कार
श्रेणी:समाचार
श्रेणी:2008 में भारत