411 REFERENCE · Wikipedia
पेरी पेरी
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
पिरी पिरी (/ˌpɪri ˈpɪri/, Piri piri), जिसे अक्सर हाइफ़न या एक शब्द के रूप में और पेरी-पेरी (/ˌpɛriˈpɛriː/, Peri-peri) या पिली पिली जैसे वैकल्पिक वर्तनी के साथ लिखा जाता है, मालागुएटा मिर्च से उत्पन्न कैप्सिकम फ्रूटेसेंस नामक मिर्च की एक क़िस्म है। इसका मूल उत्पादन पुर्तगाली अन्वेषकों द्वारा पुर्तगाल के पूर्व दक्षिणी अफ़्रीकी प्रदेशों में किया गया था और फिर यह अन्य पुर्तगाली अधिकार क्षेत्रों में फैल गई।
== व्युत्पत्ति ==
स्वाहिली भाषा में "पिलीपिली" का अर्थ "मिर्च" होता है। अन्य रोमन लिप्यंतरणों में कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में पिली पिली और मलावी में पेरी पेरी शामिल हैं, जो अफ़्रीका के बंटू-भाषी विभिन्न हिस्सों में शब्द के उच्चारण भेदों से उत्पन्न हुए हैं। पेरी पेरी वर्तनी अंग्रेज़ी में दक्षिण अफ़्रीका में इसके प्रयोग के कारण आम है, हालाँकि पुर्तगाल और मोज़ाम्बिक जैसे पुर्तगाली-भाषी देशों में, जहाँ मिर्च का आधुनिक उपयोग शुरू हुआ, पिरी-पिरी वर्तनी प्रयोग होती है।
== पौधे की विशेषताएँ ==
पौधे आमतौर पर बहुत झाड़ीदार होते हैं और ऊँचाई में ४५–१२० सेमी (१८–४७ इंच) तक बढ़ते हैं। इनकी पत्तियाँ ४–७ सेमी (डेढ़–तीन इंच) लंबी और १.३–१.५ सेमी (आधा–९/१६ इंच) चौड़ी होती हैं। फल आम तौर पर एक कुंद नोक की ओर संकीर्ण होते हैं और २–३ सेमी (३/४–सवा इंच) तक लंबे होते हैं। कच्ची फली का रंग हरा होता है; पकी फली का रंग चमकीला लाल या बैंगनी होता है। कुछ बर्ड्स-आई मिर्च क़िस्में १,७५,००० स्कोविल तीखापन इकाइयों तक पहुँच सकती हैं।
== खेती ==
सभी मिर्चों की तरह, पेरी-पेरी अमेरिका के पौधों से विकसित हुई है, लेकिन यह अफ़्रीका में सदियों से जंगली उगती रही है और अब ज़ाम्बिया, युगांडा, मलावी, ज़िम्बाब्वे और रवांडा में व्यावसायिक रूप से इसकी खेती होती है। यह मुख्य रूप से मलावी, इथियोपिया, ज़ाम्बिया, दक्षिण अफ़्रीका, घाना, नाइजीरिया, ज़िम्बाब्वे, मोज़ाम्बिक और पुर्तगाल में उगाई जाती है। इसकी खेती व्यावसायिक खाद्य प्रसंस्करण और फार्मास्युटिकल उद्योग दोनों के लिए की जाती है। पेरी-पेरी की खेती श्रम-गहन होती है।है।
== पीरी-पीरी सॉस (चटनी) ==
पिरी-पिरी सॉस का निर्माण मिर्च को उन मसालों के साथ मिलाकर किया गया था जिनका पुर्तगालियों ने अपने एशियाई और भारतीय प्रदेशों के साथ व्यापार किया था। पहली सॉस पुर्तगाली साम्राज्य के किसी भी हिस्से में बनाई गई हो सकती है, क्योंकि विश्वसनीय स्रोतों की कमी है कि यह विशेष रूप से मोज़ाम्बिक में ही मिलाई गई थी। ऐसे में यह कहना असंभव है कि सॉस मूल रूप से पुर्तगाली साम्राज्य के भीतर ही बनाई गई थी, चाहे वह दक्षिणी अफ़्रीका में उनके प्रदेश हों या अन्यत्र।
यह सॉस पिरी-पिरी मिर्च से बनाई जाती है (जिसका उपयोग मसाले या मैरिनेड के रूप में किया जाता है)। पुर्तगालऔर दक्षिणी अफ़्रीकी क्षेत्र (अंगोला, नामीबिया, मोज़ाम्बिक और दक्षिण अफ़्रीका) के अलावा, जहाँ यह बहुत लोकप्रिय है, यह सॉस ब्रिटेन में विशेष रूप से प्रसिद्ध है, जिसका कारण दक्षिण अफ़्रीकी रेस्तराँ श्रृंखला नैंडोज़ की सफलता है।
विधियाँ क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग होती हैं, और कभी-कभी उपयोग के इरादे के आधार पर एक ही क्षेत्र में भी भिन्न हो सकती हैं (उदाहरण के लिए, खाना पकाने बनाम टेबल पर मसाला डालने के लिए), लेकिन मुख्य सामग्री हैं मिर्च और लहसुन, जिसका आधार तेल या अम्लीय होता है।
अन्य सामान्य सामग्री नमक, नींबू, स्पिरिट (जैसे कि व्हिस्की, साइट्रस का छिलका, प्याज, काली मिर्च, तेजपत्ता, पेपरिका, पिमिएंटो, तुलसी, ओरेगानो और टैरागोन) हैं।
== संदर्भ ==