411 REFERENCE · Wikipedia
इच्छाशक्ति
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
मनोविज्ञान के सन्दर्भ में इच्छाशक्ति या संकल्प (विल / Will या Volition) वह संज्ञानात्मक प्रक्रम है जिसके द्वारा व्यक्ति किसी कार्य को किसी विधि का अनुसरण करते हुए करने का प्रण करता है। संकल्प मानव की एक प्राथमिक मानसिक क्रिया है। इसके अलावा प्रभावन (affection), अभिप्रेरण (motivation), अभिज्ञान (cognition या thinking) भी मानव के प्राथमिक मानसिक क्रियाएँ हैं।
इच्छाशक्ति या संकल्प संदिग्ध अभिधार्थ (अंबीग्युअस कॉनोटेशन) से संबंधित एक विवादास्पद शब्द है। युक्तिमूलक मनोविज्ञान (रेशनल साइकॉलॉजी) में इच्छाशक्ति एक केंद्रीय अवधारणा या प्रत्यय मानी जाती है। आमूल परिवर्तनवादी व्यवहारवाद अथवा आचरणवाद (रैडिकल बिहेवियरिज्म) में इसे सर्वाधिक शक्तिशाली उद्दीपन की संज्ञा दी गई है और दार्शनिक मनोविज्ञान में इसे मानसिक क्षमता बताया गया है। हालाँकि आधुनिक मनोविज्ञान में निर्यातवाद या संकल्पवाद (डिटरमिनिज्म) से महत्वपूर्ण आशय ग्रहण किया जाता है, तो भी अनेक समसामयिक मनोवैज्ञानिक इच्छाशक्ति किंवा संकल्प को मनोविज्ञान के क्षेत्र से बाहर मानते हैं क्योंकि अधुनातन शोध के आधार पर इच्छा नाम की शक्ति का अस्तित्व ही पूरी तरह नकार दिया गया है।
इच्छाशक्ति से सम्बन्धित अधिकांश संकल्पनाएँ इच्छाशक्ति को क्रियाओं के एक सुविचारित नियन्त्रण की प्रक्रिया के रूप में समझते हैं और मानते हैं कि बाद में यह स्वतःस्फूर्त (automatized) हो जाती है।
श्रेणी:मानसिक प्रक्रम