411 REFERENCE · Wikipedia
आर्कान्सस पोस्ट की लड़ाई (1863)
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
Battle of Arkansas Post (1863)
आर्कान्सस पोस्ट की लड़ाई (जिसे फोर्ट हिंडमैन की लड़ाई भी कहा जाता है) अमेरिकी गृहयुद्ध के समय 9 जनवरी से 11 जनवरी, 1863 तक आर्कान्सस नदी के किनारे, आर्कान्सस पोस्ट (आर्कान्सस) में लड़ी गई थी। यह लड़ाई विक्सबर्ग अभियान का हिस्सा थी।
पृष्ठभूमि
1862 के अंत में, कॉन्फेडरेट सैनिकों ने आर्कान्सस पोस्ट के पास फोर्ट हिंडमैन बनवाया। उसी समय, यूनियन आर्मी के मेजर जनरल जॉन ए. मैकक्लर्नांड को अनुमति मिली थी कि वे मिडवेस्ट क्षेत्र से सैनिक भर्ती करें और मिसिसिपी नदी के रास्ते विक्सबर्ग (मिसिसिपी) पर हमला करें।
दूसरी तरफ यूलिसिस एस. ग्रांट ने नवंबर 1862 में मिसिसिपी सेंट्रल रेलवे के रास्ते विक्सबर्ग पर ज़मीनी अभियान शुरू किया। लेकिन ग्रांट और यूनियन आर्मी के जनरल-इन-चीफ हेनरी हैलेक को मैकक्लर्नांड पर भरोसा नहीं था। इसलिए चालाकी से यह काम विलियम टी. शर्मन को सौंप दिया गया। शर्मन का हमला दिसंबर के अंत में चिकासॉ बेयू की लड़ाई में हार गया। उसी दौरान कॉन्फेडरेट घुड़सवारों ने छापे मारकर ग्रांट को भी अपनी योजना छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
लड़ाई
मैकक्लर्नांड दिसंबर के आखिर में मेम्फिस पहुँचे और पाया कि शर्मन बिना उन्हें साथ लिए आगे निकल गए हैं। जनवरी की शुरुआत में उन्होंने शर्मन की फौज से जुड़कर कमान संभाली और अपनी सेना का नाम आर्मी ऑफ द मिसिसिपी रखा।
मैकक्लर्नांड की सेना और यूनियन नौसेना की बेड़े (जिसकी कमान एडमिरल डेविड डिक्सन पोर्टर के पास थी) ने आर्कान्सस नदी की ओर बढ़ना शुरू किया। 9 जनवरी की शाम यूनियन सैनिक किले से थोड़ी दूरी पर उतरने लगे। 10 जनवरी को पोर्टर के जहाज़ों ने किले पर गोलाबारी की, जबकि यूनियन सैनिक घेराबंदी की तैयारी कर रहे थे। 11 जनवरी दोपहर 1 बजे फिर से जहाज़ों से बमबारी शुरू हुई और यूनियन सेना ने हमला किया।
पहला हमला रोका गया, लेकिन कुछ जगहों पर कॉन्फेडरेट सैनिकों ने सफेद झंडे दिखाना शुरू किया। इससे अफरातफरी मच गई और यूनियन सैनिक आगे बढ़कर उनकी पंक्तियों में घुस गए। आखिरकार कॉन्फेडरेट कमांडर थॉमस जे. चर्चिल ने आत्मसमर्पण कर दिया।
परिणाम
जब ग्रांट को इस कार्रवाई की जानकारी मिली तो उन्होंने इसे पसंद नहीं किया और मैकक्लर्नांड को वापस मिसिसिपी ले जाने का आदेश दिया। लेकिन बाद में ग्रांट को भी लगा कि यह हमला सही था। फिर भी, 30 जनवरी को ग्रांट ने मैकक्लर्नांड को हटा दिया और विक्सबर्ग अभियान की कमान खुद संभाली।
अप्रैल–मई 1863 में ग्रांट की सेना ने विक्सबर्ग के नीचे नदी पार की और लगातार जीत हासिल की। मई के बीच तक कॉन्फेडरेट सेना विक्सबर्ग की किलेबंदी में बंद हो गई। लंबी घेराबंदी के बाद 4 जुलाई, 1863 को विक्सबर्ग ने आत्मसमर्पण कर दिया। यह जीत यूनियन की अंतिम विजय की ओर एक बड़ा कदम साबित हुई।
सन्दर्भ
Christ, Mark K. “Battle of Arkansas Post.” Encyclopedia of Arkansas, 2024. Link
Bearss, Edwin C. The Campaign for Vicksburg. Vol. I: Vicksburg is the Key. Morningside House, 1985. ISBN 0-89029-312-0.
Miller, Donald L. Vicksburg: Grant’s Campaign that Broke the Confederacy. Simon and Schuster, 2019. ISBN 978-1-4516-4139-4.