411 REFERENCE · Wikipedia
शास्त्र
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
व्यापक अर्थों में किसी विशिष्ट विषय या पदार्थसमूह से सम्बन्धित वह समस्त ज्ञान जो ठीक क्रम से संग्रह करके रखा गया हो, शास्त्र कहलाता है। जैसे, भौतिकशास्त्र, वास्तुशास्त्र, शिल्पशास्त्र, प्राणिशास्त्र, अर्थशास्त्र, विद्युत्शास्त्र, वनस्पतिशास्त्र आदि। शास्त्र का अर्थ विज्ञान है 'शास्त्र' शब्द 'शासु अनुशिष्टौ' से निष्पन्न है जिसका अर्थ 'अनुशासन या उपदेश करना' है।
किसी भी विषय, विद्या अथवा कला के मौलिक सिद्धान्तों से लेकर विषय-वस्तु के सभी आयामों का सुनियोजित, सूत्रबद्ध निरूपण शास्त्र है। हमारे यहाँ शास्त्र की परिभाषा इस प्रकार की गई है-
''शास्ति च त्रायते च। शिष्यते अनेन।
अर्थात् जो शिक्षा अनुशासन प्रदान कर हमारी रक्षा करती है, मार्गदर्शन करती है, कभी-कभी हमारी उँगली पकड़कर हमें चलाती है, उसे ‘शास्त्र’ कहा गया है। इस प्रकार यदि हम शास्त्र व ग्रन्थ की ओर देखें तो शास्त्र बहुत ही महत्त्वपूर्ण है। शास्त्र असंख्य है विद्वान शास्त्रों की रचना करते रहते है ।
किन्तु धर्म के सन्दर्भ में, 'शास्त्र' ऋषियों और मुनियों आदि के बनाए हुए वे प्राचीन ग्रंथों को कहते हैं जिनमें लोगों के हित के लिये अनेक प्रकार के कर्तव्य बतलाए गए हैं और अनुचित कृत्यों का निषेध किया गया है। दूसरे शब्दों में शास्त्र वे ग्रंथ हैं जो लोगों के हित और अनुशासन के लिये बनाए गए हैं। साधारणतः शास्त्र में बतलाए हुए काम विधेय माने जाते है और जो बातें शास्त्रों में वर्जित हैं, वे निषिद्ध और त्याज्य समझी जाती हैं।
शास्त्रों में शिक्षाशास्त्र , नीतिशास्त्र अथवा धर्मशास्त्र , वास्तुशास्त्र , खगोलशास्त्र , अर्थशास्त्र , आयुर्वेद , व्याकरणशास्त्र , दर्शनशास्त्र , कलाशास्त्र, धनुर्वेद ( सैन्यविज्ञान ) आदि का समावेश होता है।
बाहरी कड़ियाँ
प्राचीन भारत के शास्त्र (भारतीय पक्ष)
Science - in Sanskrit, with Sanskrit, is Sanskrit
Notes Towards Defining Śāstra (शास्त्र) in Sanskrit
श्रेणी:हिन्दू इतिहास