411 REFERENCE · Wikipedia
विवेकानन्द नीडम्
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
विवेकानन्द नीडम् ग्वालियर स्थित एक अत्यन्त मनोरम, शान्त स्थान है, जो ग्वालियर रेलवे स्टेशन से लगभग ४ किलोमीटर दूर हरिशंकरपुरम् के पीछे, एक सुरम्य पहाड़ी पर स्थित है। यहाँ प्रातः से रात्रि तक, विभिन्न सुनियोजित कार्यक्रमों के माध्यम से आश्रम जीवन से परिचित कराने का उपक्रम संपन्न होता है। दैनिक व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक जीवन की कठोरता और आपाधापी से उत्पन्न तनावों से विश्रांति पाने हेतु प्रशिक्षण सत्र यहाँ परिचालित किये जाते हैं।
नीडम् के लगभग ३ एकड़ परिसर में, विभिन्न प्रजातियों के ८००० पौधों का रोपण किया गया है। अंभोद एक पेयजल जलागार है, जिसके माध्यम से सम्पूर्ण नीडम परिसर में शुद्ध एवं स्वादिष्ट पेयजल की आपूर्ति की जाती है।
स्वामी विवेकानन्द जी के आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त कर यह केन्द्र ग्वालियर ही नहीं अपितु ग्वालियर के बाहर जाकर भी समाजसेवा के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में अपना योगदान देता आ रहा है, जिसमें प्राकृतिक चिकित्सा, योग, ध्यान एवं अध्यात्म भी सम्मिलित है। मनुष्य का शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक विकास विवेकानन्द केन्द्र, ग्वालियर का मुख्य ध्येय है। इसी दृष्टि से वर्ष १९९५ में विवेकानन्द नीडम् की स्थापना की गई जो प्राकृतिक पहाड़ी पर नीरव, शान्त वातावरण में स्थापित सादगीपूर्ण, तनावरहित, प्रदूषणरहित, मनोहारी एवं सुरम्य वातावरण देने वाला एक सुप्रसिद्ध स्थान है।
गतिविधियाँ
केन्द्र द्वारा हर आयु वर्ग के लोंगोंके लिये विभिन्न सेवा गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाता है। यथा - वालक-वालिकाओं के लिये "आवासीय व्यक्तित्व विकास शिविर", युवाओं के लिये "युवा प्रेरणा शिविर", प्रौढ़जनों के लिये "आध्यात्मिक साधना शिविर", शिशु संस्कार वर्ग, आरोग्य सेवा इत्यादि। केन्द्र की मान्यता है कि उपरोक्त कार्यक्रमों के माध्यम से व्यक्ति की सुप्त प्रतिभा जागृत करना संभव है।
बाहरी कड़ियाँ
विवेकानन्द नीडम् का जालघर
श्रेणी:प्राकृतिक चिकित्सा
श्रेणी:आश्रम