411 REFERENCE · Wikipedia
ब्रह्मास्त्र: पहला भाग — शिवा
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
ब्रह्मास्त्र: पहला भाग — शिवा, हिंदी-भाषा में बनी एक भारतीय काल्पनिक रोमांच फिल्म है जिसका लेखन और निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया गया है। यह करण जौहर, अपूर्व मेहता, नमित मल्होत्रा, और अयान मुखर्जी (प्रथम निर्माण) द्वारा धर्मा प्रोडक्शंस, स्टारलाईट पिक्चर्स और प्राइम फोकस के बैनर तले स्टार स्टूडियोज के सहयोग से निर्मित है, और स्वतंत्र रूप से रणबीर कपूर और मराइके डिसूज़ा द्वारा सह-निर्मित है। इसमें अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, मौनी रॉय और अक्किनेनी नागार्जुन खुशाल मीणा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का उद्देश्य एस्ट्रावर्स (Astraverse) नामक अपने स्वयं के सिनेमाई ब्रह्मांड (cinematic universe) के हिस्से के रूप में एक नियोजित त्रयी (trilogy) में पहली फिल्म के रूप में काम करना है ।
अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी ट्रायलॉजी सीरीज का ये पहला भाग, 9 सितंबर 2022 को प्रदर्शित हुआ फ़िल्म का वीएफएक्स बहुत ही शानदार है प्रकाश योजना कमाल की है। यह फिल्म दुनिया भर में ₹431 करोड़ (US$54 मिलियन) से अधिक की अनुमानित कमाई के साथ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही, जिससे यह 2022 की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई और 2022 की सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई। थिएटर में चलने के बाद अब तक की 20वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म।
== कथानक ==
प्राचीन भारत में, हिमालय पर ऋषियों के एक समूह का सामना ब्रह्म-शक्ति नामक ऊर्जा से होता है, जिससे अनेक दिव्य अस्त्रों का निर्माण होता है। इन अस्त्रों में सबसे शक्तिशाली अस्त्र ब्रह्मास्त्र है, जो सम्पूर्ण पृथ्वी को नष्ट कर देने की क्षमता रखता है। सभी ऋषि अपने-अपने अस्त्रों का उपयोग कर अस्थिर ब्रह्मास्त्र को शान्त करते हैं और विश्व को इन अस्त्रों की शक्तियों से बचाने के लिए एक गुप्त समाज - ब्रह्मांश का हिस्सा बन जाते हैं।
वर्तमान मुम्बई में एक डिस्क जॉकी, शिवा प्रथम दृष्टि में ही ईशा चटर्जी के प्रेम में पड़ जाता है। शीघ्र ही ईशा भी, जो लंदन से अपने दादा के पंडाल में दुर्गा पूजा उत्सव के लिए भारत आयी है, शिवा के प्रति अपनी प्रेम भावनाओं को व्यक्त करती है। शिवा उसे बताता है कि वह एक अनाथ है, जो अपने पिता को कभी नहीं जानता था, और जब वह बच्चा था तब उसकी माता की अग्नि में जलकर मृत्यु हो गई थी। इस सब के बीच, दिल्ली में, वैज्ञानिक और ब्रह्मांश सदस्य मोहन भार्गव ब्रह्मास्त्र के एक टुकड़े पर अध्ययन कर रहा होता है, जब रहस्यमयी देव के लिए काम करने वाली जूनून और उसके साथी, ज़ोर और रफ़्तार उस पर आक्रमण कर देते हैं। मोहन वानरास्त्र का प्रयोग कर उनसे लड़ता है, लेकिन अंततः जूनून से हार जाता है, जो उसे अपने वश में कर लेती है। मोहन उसे बताता है कि ब्रह्मास्त्र का दूसरा टुकड़ा काशी में एक कलाकार और पुरातत्वविद् अनीश शेट्टी के पास है। परन्तु, इससे पहले कि जूनून ब्रह्मांश के गुरु और उसके आश्रम के बारे में जान पाती, मोहन उसके नियंत्रण को तोड़कर आत्महत्या कर लेता है।
शिवा सपने में मोहन और जूनून की इस भिड़ंत को देखता है, जिसके बाद वह ईशा के साथ अनीश को सावधान करने के लिए काशी को निकल जाता है। काशी में उन दोनों का सामना रफ्तार से होता है, जिसके पास अब मोहन का वानरास्त्र है। अनीश नन्दी अस्त्र का प्रयोग कर रफ़्तार को हरा देता है, और शिवा और ईशा के साथ वहां से आश्रम की ओर हिमाचल प्रदेश भाग निकलता है, लेकिन वहां जाते समय जूनून और ज़ोर एक ट्रक में उनका पीछा करते हैं। अनीश ब्रह्मास्त्र का दूसरा टुकड़ा शिवा को देकर उन्हें विदा करता है, और वहीं रुककर जूनून और ज़ोर से लड़कर उन्हें रोकने में सफल रहता है, लेकिन उसकी मृत्यु हो जाती है। रफ़्तार शिवा और ईशा का पीछा करते हुए आश्रम पहुंच जाता है, और ईशा को मारने की कोशिश करता है, लेकिन शिवा अनजाने में आग्नेयास्त्र का प्रयोग कर उसे मार डालता है। आश्रम में, उन्हें अन्य अस्त्रों के बारे में पता चलता है, और शिवा अपने माता-पिता के बारे में जानने के लिए गुरु, रघु के कहने पर अनिच्छा से ब्रह्मांश में शामिल हो जाता है। वह अन्य साथियों, रानी, रवीना, शेर और तेनजिंग से मिलता है, जो रघु से अपने-अपने अस्त्रों का प्रयोग करने के लिए शिक्षा ले रहे हैं, और शिवा भी धीरे धीरे आग्नेयास्त्र पर नियंत्रण प्राप्त करने लगता हैं।
दूसरी ओर, जूनून एक सेना का गठन करती है, और आश्रम को ढूंढते हुए उसके काफी निकट पहुँच जाती है। रघु शिवा को बताता है कि वह ब्रह्मांश के पूर्व सदस्यों, देव और अमृता का पुत्र है। देव एकमात्र ऐसा व्यक्ति था, जो एक साथ कई अस्त्रों को नियंत्रित करने में सक्षम था, और उसने एक बार ब्रह्मास्त्र को जागृत कर दिया था। अमृता ने, जो उस समय देव के बच्चे के साथ गर्भवती थी, एक दूरस्थ द्वीप पर एक युद्ध में जलास्त्र से उसे हरा दिया, और ब्रह्मास्त्र के तीन टुकड़े कर दिए। युद्ध के बाद अमृता की नाव ब्रह्मास्त्र के दो टूटे हुए टुकड़ों, और एक शंख के साथ द्वीप से वापस आयी थी। ब्रह्मास्त्र के ये टुकड़े मोहन और अनीश को दिए गए, और ऐसा माना जाता रहा कि युद्ध में उन दोनों की मृत्यु हो गयी, और ब्रह्मास्त्र का तीसरा टुकड़ा विक्षत हो गया। रघु निष्कर्ष निकालता है कि शंख वापस में एक मायास्त्र है, और अमृता का पुत्र होने के कारण जब उस पर शिवा के रक्त की बूंदें पड़ती हैं, तो ब्रह्मास्त्र का तीसरा हिस्सा प्रकट होता है। इसी समय जूनून और उसकी सेना आश्रम पहुँचती है, और सभी को बंधक बना लेती है। शिवा जूनून को हराकर नंदी अस्त्र का प्रयोग कर रहे ज़ोर को मार देता है, और सभी को छुड़ा लेता है। लेकिन जूनून ब्रह्मास्त्र के तीनों हिस्सों को लेकर उन्हें जोड़ देती है और ब्रह्मास्त्र को जागृत करने के लिए स्वयं को बलिदान कर देती है। चारों ओर विनाश शुरू हो जाता है, और ईशा को संकट में देखकर शिवा के अंदर एक नवीन ऊर्जा उपजती है, जिसके माध्यम से वह ब्रह्मास्त्र पर नियंत्रण कर लेता है।
क्रेडिट दृश्यों से पहले, जूनून द्वारा ब्रह्मास्त्र को जागृत करने के कारण देव, जो एक अज्ञात द्वीप पर एक मूर्ति के रूप में कैद था, पुनः जीवित हो उठता है।
== कलाकार ==
ब्रह्मांश के गुरु के रूप में अमिताभ बच्चन
शिव के रूप में रणबीर कपूर
ईशा के रूप में आलिया भट्ट
जुनून विलेन के रूप में मौनी रॉय
नंदी अस्त्र के रूप में अक्किनेनी नागार्जुन
डिंपल कपाड़िया
प्रतीक बब्बर
दिव्येंदु
सिद्धांत घेगडमल
विशाल करवाल
जुनून का साथी सौरव गुर्जर
रवीना के रूप में राशी मल
शाहरुख खान एक विशेष उपस्थिति में
== संगीत ==
प्रीतम ने प्रसाद शास्ते, जिम सत्य, मेघदीप बोस, तनुज टिकू और केतन सोढा, के साथ संगीत को तैयार किया, और गाने ब्रिटिश संगीतकार स्टील बैंगल्ज़ द्वारा उत्पादित, तथा अमिताभ बच्चन द्वारा लिखित है। पार्श्व संगीत को सिंक्रोन स्टेज वियना में तैयार किया गया था। "रसिया" गीत तुषार जोशी ने गाया था। "केसरिया" गीत अरिजीत सिंह ने गाया था।
फ़िल्म का साउंडट्रैक 6 अक्टूबर को दशहरा के समय प्रकाशित किया गया था।
== प्रकाशन ==
अप्रैल 2018 में त्रयी फिल्म की आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई थी जिसमें भाग 1 के लिए क्रिसमस 2019 की योजना बनाई गई थी, लेकिन बाद में इसे समर 2020 के लिए धकेल दिया गया। अंततः इसे 9 सितंबर 2022 में प्रकाशित किया गया।
== विवाद ==
फिल्म के ट्रेलर में रणबीर कपूर के इंट्रोडक्शन सीन में उन्हें मंदिर में जूते पहने दिखाया गया है. यह चीज जब सोशल मीडिया यूजर्स ने नोटिस की, तो मानों बवाल ही मच गया | कई यूजर्स रणबीर और फिल्म ब्रह्मास्त्र के मेकर्स को खरी-खरी सुनाने लगे | कुछ यूजर्स का कहना है कि ट्रेलर अच्छा था लेकिन मेकर्स को इस जूते वाले सीन पर ध्यान देना चाहिए था | वहीं एक यूजर ने तो प्रधानमंत्री को टैग कर कहा कि इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं |
== संदर्भ ==
== बाहरी कड़ियाँ ==
ब्रह्मास्त्र: पहला भाग — शिवा इंटरनेट मूवी डेटाबेस पर
बॉलीवुड हंगामा पर ब्रह्मास्त्र
2022 Ki Super Hit Film - ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ Archived 2023-03-12 at the वेबैक मशीन