411 REFERENCE · Wikipedia
गरदेज़
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
गरदेज़ (पश्तो: ur, अंग्रेजी: Gardez) पूर्वी अफ़्ग़ानिस्तान का एक शहर है। यह पकतिया प्रान्त की राजधानी भी है और पाकिस्तान की सीमा के नज़दीक है। गरदेज़ शहर की सन् २००८ में आबादी लगभग ७०,००० अनुमानित की गई थी, जिनमें से अधिकतर पश्तो-भाषी पठान थे। यह शहर एक बड़ी वादी में स्थित है जिसके उत्तर, पूर्व और पश्चिम में हिन्दु कुश के पर्वत हैं। यह शहर २,३०० मीटर की ऊँचाई पर है और गुफ़ाओं और सुरंगों वाले प्रसिद्ध तोरा बोरा इलाक़े के पास है। शहर से रूद-ए-गरदेज़ (यानि गरदेज़ नदी) निकलती है जो आब-ए-इस्तादा नामक झील में जाकर ख़त्म हो जाती है।
गरदेज़ ग़ज़नी से पाकिस्तान और काबुल से ख़ोस्त जाने वाले रास्तों के चौराहे पर स्थित है। इस वजह से यह पूर्वी अफ़्ग़ानिस्तान में व्यापार का केंद्र रहा है और इसने बहुत से आक्रामकों के हमले सहे हैं। दो हज़ार साल से भी अधिक पहले सिकंदर महान द्वारा आसपास की पहाड़ियों पर पहरे के लिए बनवाई गई पत्थर की चौकियाँ आज भी धीरे-धीरे टूट रहीं हैं। गरदेज़ के बीच में ऊँचाई पर बाला हिसार क़िला (ur, Bala Hisar) है, जिसका मतलब 'ऊँचाई का क़िला' होता है।
== मोहल्ले ==
गरदेज़ के बीच में बाला हिसार क़िला है और यह शहर चार भागों में बांटा जाता है:
बाज़ार-ए-कोहना, यानि पुराना बाज़ार
क़ारा-ए-आहंगरान, यानि लोहारों का मोहल्ला ('आहंग' फ़ारसी में लोहे को कहते हैं)
क़ारा-ए-अर्जाख़ेल, यानि अर्जाख़ेल मोहल्ला
नवाबाद, यानि नया शहर जहाँ इस नगर के नए घर, नया बाज़ार और प्रशासन केंद्र स्थित है
== इन्हें भी देखें ==
पकतिया प्रान्त
== सन्दर्भ ==