411 REFERENCE · Wikipedia
ज़किया ज़ुबैरी
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
ज़किया ज़ुबैरी (१ अप्रैल १९४२) ब्रिटेन की प्रवासी हिन्दी लेखिका और राजनयिक हैं। उन्होंने भारत एवं पाकिस्तान की अनेक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के विकास का काम किया है। उनका जन्म लखनऊ में हुआ और बचपन आज़मगढ़ में बीता। प्रारंभिक शिक्षा आज़मगढ़ की सरकारी कन्या पाठशाला में हुई। सातवीं कक्षा के बाद इलाहाबाद के सरकारी स्कूल में पढ़ाई हुई। इंटरमीडियेट में अपने महाविद्यालय की यूनियन की अध्यक्ष बनीं और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उन्हें बचपन से ही चित्रकला एवं कविता व कहानी लिखने का शौक रहा है। वे लंदन में एशियन कम्यूनिटी आर्ट्स नाम की संस्था की अध्यक्षा हैं जिसके द्वारा वे नृत्य, संगीत, गीत एवं लेखन क्षेत्र में बहुत से नये नर्तकों, गायकों, एवं लेखकों को लंदन में मंच प्रदान कर चुकी हैं। वे भारत एवं पाकिस्तान से लंदन आने वाली साहित्यिक एवं सांस्कृतिक हस्तियों के सम्मान में समारोह आयोजित और कथा यू॰के॰ के साथ मिल कर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन भी करती हैं।
वे ब्रिटेन की लेबर पार्टी के सक्रिय सदस्या हैं। लेबर पार्टी के टिकट पर आप दो बार चुनाव जीत कर काउंसलर निर्वाचित हो चुकी हैं। वर्तमान में वे लंदन के बारनेट संसदीय क्षेत्र के कॉलिंडेल वार्ड की पहली और एकमात्र मुस्लिम महिला काउंसलर हैं।
श्रेणी:ब्रिटेन के प्रवासी हिंदी लेखक