411 REFERENCE · Wikipedia
ताशक़ुरग़ान ताजिक स्वशासित ज़िला
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
ताशक़ुरग़ान ताजिक स्वशासित ज़िला जनवादी गणतंत्र चीन द्वारा नियंत्रित शिंजियांग प्रान्त के काश्गर विभाग का एक ज़िला है। इसकी ८०% से अधिक आबादी ताजिक समुदाय की है। इस ज़िले की राजधानी ताशक़ुरग़ान शहर है जहाँ से पाक-अधिकृत कश्मीर से गुज़रकर पाकिस्तान व चीन को जोड़ने वाला काराकोरम राजमार्ग निकलता है।
== नामोत्पत्ति व उच्चारण ==
'ताशक़ुरग़ान' के नाम में बिन्दु-वाले 'क़' के उच्चारण पर ध्यान दें - यह 'क' से ज़रा भिन्न है और 'क़ीमत' जैसे शब्दों में मिलता है। इसी तरह बिंदु-वाले 'ग़' के उच्चारण पर भी ध्यान दें - यह 'ग' से भिन्न है और 'ग़रीब' व 'ग़ायब' जैसे शब्दों में मिलता है। तुर्की भाषाओं में 'ताश' का मतलब 'पत्थर' होता है और यह 'हिन्दूताश' (अर्थ: हिन्दू-पत्थर) और 'ताशकन्द' (अर्थ:पत्थर-शहर) जैसे नामों में मिलता है। 'क़ुरग़ान' का मतलब 'क़िला' या 'बुर्ज' होता है। दोनों मिलाकर 'ताशक़ुरग़ान' का अर्थ 'पत्थर का क़िला या बुर्ज' है।
== भूगोल ==
ताशक़ुरग़ान ज़िला शिंजियांग प्रान्त के सुदूर पश्चिम में स्थित है। इसकी सीमाएँ ताजिकिस्तान के कूहिस्तोनी-बदख़्शान स्वशासित प्रान्त, अफ़ग़ानिस्तान के वाख़ान गलियारे और पाक-अधिकृत कश्मीर के गिलगित-बल्तिस्तान क्षेत्र से लगती हैं। ज़िला पामीर क्षेत्र के पूर्वी भाग में स्थित एक पठारी इलाक़ा है, जहाँ कुनलुन, हिन्दुकुश और तियान शान की पर्वत-श्रेणियाँ आकर मिलती हैं। ७,५४६ मीटर ऊँचा मुज़ताग़ अता और ७,६४९ मीटर ऊँचा कोंगुर ताग़ इस ज़िले के सबसे बुलंद पहाड़ हैं। कोंगुर ताग़ कुनलुन पर्वतमाला का भी सबसे ऊँचा पहाड़ है। ताशक़ुरग़ान नदी और तीज़नेफ़ नदी ज़िले की दो मुख्य नदियाँ हैं। ज़िले में कई गरम पानी के चश्में हैं और भूमिगत सोने, ताम्बे और लोहे के खनिज भंडार हैं।
== लोग व भाषा ==
१९९५ में अनुमान लगाया गया था कि २७,८०० की स्थानीय आबादी में से ८४% ताजिक, ४% हान चीनी और १२% अन्य समुदायों के थे। ज़िले के ताजिक वास्तव में सरिकोली भाषा बोलते हैं जो ताजिक भाषा से थोड़ी अलग है और पामीरी भाषा-परिवार की सदस्य है। सरिकोली को चीन की सरकार 'ताजिक' बुलाती है।
== कुछ तस्वीरें ==
== इन्हें भी देखें ==
ताजिक लोग
काश्गर विभाग
== सन्दर्भ ==