Skip to main content

  | मौसम…

411 समाचार
Public archive edition · Attributed source reporting with original dates · AI drafts are excluded

411 REFERENCE · Wikipedia

ई-महाशब्दकोश

Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.

अत्यधिक जानकारी जुलाई 2014 राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने सी-डैक पुणे के तकनीकी सहयोग से ई-महाशब्दकोश का निर्माण किया है। इस योजना के अंतर्गत शुरुआती दौर में प्रशासनिक शब्द संग्रह को देवनागरी यूनिकोड में प्रस्तुत किया गया है। इसमें आप अँग्रेजी का हिंदी पर्याय तथा हिंदी शब्दों का वाक्य में अतिरिक्त प्रयोग देख सकते हैं। इसकी विशेषता यह भी है कि आप हिंदी शब्दों का उच्चारण भी सुन सकते हैं। यह एक बहुउपयोगी शब्दकोश है। इसमें आप अन्य शब्द जोड़ सकते हैं। इसे अधिक उन्नत करने में आपका सहयोग अपेक्षित है। इस ई-महाशब्दकोश की मुख्य विशेषताएँ - देवनागरी लिपि के लिए यूनीकोड फॉन्ट, खोजे गये शब्द का उच्चारण, स्पष्ट लेआउट / जी. यू. आई. प्रयोग में आसान, तीन अक्षरों पर शब्द सूची, पूर्ण शब्द खोज, द्विआयामी खोज, शब्दों की सूची में से खोजने की सुविधा, सही मौखिक उच्चारण और संबंधित जानकारी, अर्थ एवं संबंधित जानकारी, शब्द / प्रदबंध का प्रयोग, शब्द / प्रदबंध का सचित्र चित्रण (जहाँ उचित हो) है। श्रीमती पी.वी. वल्‍सला जी. कुट्टी, संयुक्‍त सचिव, भारत सरकार, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के अनुसार काफी समय से केन्‍द्र सरकार के कर्मचारियों के कार्य में हिंदी प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु प्रयास किए गए हैं। अनुभव बताता है कि केन्‍द्र सरकार के कार्यालयों और संगठनों में बड़ी संख्‍या में कर्मचारी अपने क्रियाकलापों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने के इच्‍छुक हैं परंतु पर्याप्‍त तकनीकी सुविधाओं के अभाव में हिंदी भाषा का प्रयोग प्रभावशाली ढंग से नहीं कर पाते हैं। सरकार द्वारा हिंदी में सहजता से कार्य करने के लिए प्रभावी साधनों को मुहैया कराने पर विचार किया गया है। हिंदी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु इलैक्‍ट्रॉनिक मीडिया के माध्‍यम से आधुनिक तकनीक के समावेश के विचार ने उन लोगों की समस्‍या के समाधान के रूप में जन्‍म लिया जो हिंदी में कार्य करने के इच्‍छुक हैं परंतु पर्याप्‍त सुविधा के अभाव में ऐसा करने से झिझक रहे हैं। सरकारी कार्यालयों में सरल व प्रभावी तरीके से हिंदी में कार्य करने के लिए उपयुक्‍त सॉफ्टवेयरों के विकास हेतु राजभाषा विभाग ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की कंप्‍यूटिंग कंपनी, नामत:, सी-डैक, पुणे के साथ एक समझौता किया है। पिछले कुछ वर्षों में विकसित सॉफ्टवेयरों में हिंदी भाषा का स्‍वयं शिक्षण (लीला-श्रृंखला), मंत्रा शृंखला द्वारा चुने गए कार्यक्षेत्रों में अंग्रेजी से हिंदी तुरंत अनुवाद, हिंदी डिक्‍टेशन के लिए श्रुतलेखन सॉफ्टवेयर, अंग्रेजी स्‍पीच की पहचान कर उसे हिंदी में अनुवाद के लिए वाचांतर सॉफ्टवेयर शामिल है। सॉफ्टवेयरों के विकास की इस शृंखला में नवीनतम विकास राजभाषा विभाग द्वारा सी-डैक के माध्‍यम से ई-महाशब्दकोश का विकास है, जो कि एक द्विभाषी-द्विआयामी उच्‍चारण शब्दकोश है। प्रौद्योगिकी को हिंदी के प्रयोग से जोड़कर राजभाषा के प्रयोग को बढ़ाने के इरादे से हिंदी प्रेमियों के लिए ई-महाशब्दकोश को प्रस्‍तुत करना मेरे लिए हर्ष और गर्व की बात है। ई-महाशब्दकोश के वर्तमान शुरूआती संस्‍करण में प्रशासनिक कार्यक्षेत्र में प्रयुक्‍त होने वाले शब्‍दों को शामिल किया गया है। मुझे विश्‍वास है कि ई-महाशब्दकोश प्रयोगकर्ताओं में बहुत लोकप्रिय होगा क्‍योंकि यह केन्‍द्र सरकार के कार्यालयों में हिंदी में सामान्‍य कार्य करने में आने वाली अनेक बाधाओं को दूर करने में सहायक होगा। वास्‍तव में यह केवल सीमित अर्थों में एक शब्दकोश ही नहीं वरन् इससे आगे अपनी पहुंच को ले जाते हुए यह शुद्ध उच्‍चारण, विशेष प्रयोगकर्ताओं के लिए विशिष्‍ट अर्थ देना, शब्‍दों और मुहावरों को प्रयोग करने का विवरण आदि सुविधाओं को देने में सहायक है। यह कहने की आवश्‍यकता नहीं है कि यह शब्दकोश मुहावरों को प्रयोग करने में आने वाली दिक्‍कतों को दूर करने तथा उनको ठीक से दिखाने में प्रयोगकर्ता के लिए लाभकारी होगा। ई-महाशब्दकोश उनके लिए बहुत उपयोगी होगा जो वास्‍तव में हिंदी में काम करना चाहते हैं। सी-डैक, पुणे के सहयोग से राजभाषा विभाग द्वारा विकसित कराए गए सॉफ्टवेयरों में यह एक उल्‍लेखनीय उत्‍पाद होगा। ई-महाशब्दकोश की सूची में आगे सुधार के लिए यह आवश्‍यक होगा कि अधिक से अधिक लोग इसका प्रयोग करके अपना अमूल्‍य फीड-बैक राजभाषा विभाग या सी-डैक को भेजें ताकि ई-महाशब्दकोश की सक्षमता और दक्षता को अति उच्‍च स्‍तर तक ले जाया जा सके। बाहरी कड़ियाँ e-mahashabdkosh.rb-aai.in/ हिन्दी के अनेकानेक शब्दकोशों के लिंक का संग्रह श्रेणी:सी-डैक श्रेणी:हिन्दी श्रेणी:शब्दकोश