411 REFERENCE · Wikipedia
अतरौली
Reference material by Wikipedia contributors. This retains its source identity and is not 411 news reporting.
अतरौली (Atrauli) भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के अलीगढ़ ज़िले में स्थित एक नगर है। यह इसी नाम की तहसील का मुख्यालय और राज्य का एक प्रखण्ड भी है।
== विवरण ==
यह अलीगढ़ से लगभग 27 किमी दूर है, जो अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए प्रसिद्ध है। अतरौली नरौरा परमाणु ऊर्जा संयंत्र (यह उत्तर प्रदेश में एकमात्र परमाणु परियोजना है) से लगभग 20 किमी, पवित्र नदी गंगा के दाहिने किनारे पर स्थित है। अतरौली शहर पहले अत्रावली नाम से जाना जाता था, जिसे अत्रि मुनि के नाम से लिया गया है। माना जाता है अत्रि मुनि ने अतरौली में भ्रमण किया था। अतरौली संगीत के दिग्गज उस्ताद अल्लादिया खान (1855-1946) का जन्मस्थान भी है, जो जयपुर-अतरौली घराना (संगीत विद्यालय) के संस्थापक थे।
अतरौली अपने आप में उत्तर प्रदेश और देश की बहुचर्चित तहसील है। यहां से कई नामी हस्तियां जुड़ी रही हैं। जिनमें उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल श्री कल्याण सिंह भी हैं। अतरौली से वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के श्री संदीप सिंह विधायक हैं और सांसद भारतीय जनता पार्टी के ही सतीश गौतम हैं, जोकि अलीगढ़ लोकसभा से हैं।
== भूगोल ==
अतरौली अक्षांश व देशांतर 28.03° N 78.28° E (28.03° उत्तर 78.28° पूर्व) पर स्थित है। इस शहर की समुद्र तल से औसत ऊंचाई लगभग 136 मीटर (446 फीट) है।
== जनसंख्या ==
2011 की भारतीय जनगणना के अनुसार, अतरौली की जनसंख्या 50,412 थी, जिनमें कुल 26,368 पुरुष और कुल 24,044 महिलाएँ थीं। अतरौली में औसत साक्षरता दर 47.5% है, जिसमें पुरुषों की 53.4% और महिलाओं की साक्षरता 41.1% है। 0 से 6 वर्ष की आयु वाले बच्चों की जनसंख्या 7,254 थी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की आबादी लगभग क्रमशः 4,568 और 200 है। अतरौली में 2011 में लगभग 8100 परिवार थे।
== प्रसिद्ध व्यक्ति ==
अशोक सिंघल, राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद
चन्द्र भानु गुप्ता, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री (तीन बार)
कल्याण सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री (दो बार), राजस्थान व हिमाचल प्रदेश (अतिरिक्त प्रभार) के पूर्व राज्यपाल
खादिम हुसैन खान, आगरा घराने के भारतीय शास्त्रीय गायक
राजीव दीक्षित, प्रवक्ता
रविकांत नागाइच, हिंदी फिल्म निर्देशक
शराफत हुसैन खान, भारतीय शास्त्रीय संगीत गायक
उस्ताद अल्लादिया खान, जयपुर-अतरौली घराना संगीत विद्यालय के संस्थापक
== इन्हें भी देखें ==
अलीगढ़ ज़िला
== सन्दर्भ ==